– ज्वाइंट ट्रेजरर (संपत्ति एवं संपदा विभाग) का भी संभालेंगे दायित्व; सोनिया गांधी, खरगे, राहुल और प्रियंका गांधी सहित के.सी. वेणुगोपाल का जताया आभार
The Exposer
नागपुर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में नागपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता इंजीनियर नितिन मारोतराव कुंभलकर को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त करते हुए ज्वाइंट ट्रेजरर (संयुक्त कोषाध्यक्ष) एवं एसेट्स एंड प्रॉपर्टीज डिपार्टमेंट (संपत्ति एवं संपदा विभाग) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति को कुंभलकर के लंबे संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति उनके योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।
अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नितिन कुंभलकर ने इसे व्यक्तिगत सम्मान के बजाय संगठन की एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
कुंभलकर ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी के मार्गदर्शन, प्रेरणा और पार्टी के सिद्धांतों के प्रति उनके अटूट समर्पण के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा उन पर विश्वास जताते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए विशेष धन्यवाद दिया।
उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व, दूरदर्शिता और सामाजिक न्याय तथा संवैधानिक लोकतंत्र के मूल्यों को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की। इसके साथ ही AICC महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रोत्साहन और प्रेरणादायी नेतृत्व के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की।
कुंभलकर ने AICC के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल का भी विशेष आभार माना। उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने में उनका मार्गदर्शन और सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।
संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प
नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव नितिन कुंभलकर ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की गौरवशाली विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और विचारधारा को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। वे एक मजबूत, समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए पार्टी के सामूहिक प्रयासों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान देंगे।
नागपुर के एक नेता को कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कुंभलकर की नियुक्ति को विदर्भ के राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Author: संतोष तायडे
संपादक














